मंदसौर। जिले में नल-जल योजनाओं के संचालन और रखरखाव का कार्य अब महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपने की तैयारी है। इससे महिलाओं को रोजगार के अवसर मिलने के साथ वे आर्थिक रूप से अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में गांधी सागर-1 एवं गांधी सागर-2 समूह जल प्रदाय योजना सहित एकल ग्रामीण जल प्रदाय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि गांधी सागर-1 एवं 2 परियोजनाओं का कार्य शीघ्र पूरा कर कमीशनिंग शुरू की जाए। साथ ही सड़क पुनर्स्थापन कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए उन्हें समय-सीमा में पूरा करने को कहा।
वाल्व संचालन और जलकर वसूली भी करेंगी समूह की महिलाएं-
कलेक्टर ने कहा कि ग्राम स्तर पर नल-जल योजनाओं के रखरखाव के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। महिला स्वयं सहायता समूहों को वाल्व खोलने-बंद करने और जलकर वसूली जैसे कार्यों से जोड़ा जाए। इससे योजनाओं के संचालन में स्थानीय स्तर पर बेहतर व्यवस्था बनने के साथ महिलाओं को आय का अतिरिक्त साधन भी मिलेगा।
जहां वी.डी.एन. का कार्य पूरा हो चुका है, वहां जल निगम ग्राम पंचायत के सहयोग से वैकल्पिक स्थानीय जल स्रोतों के माध्यम से योजनाओं की कमीशनिंग करे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को शेष 25 गांवों में कार्य पूरा कर योजनाओं को हैंडओवर करने के निर्देश भी दिए गए।
हर घर नल कनेक्शन और पानी की गुणवत्ता पर जोर-
बैठक में निर्देश दिए गए कि घरेलू नल कनेक्शन स्टैंड पोस्ट के बिना भी चालू किए जाएं। फिलहाल प्लास्टिक वाल्व लगाकर पाइप को बंद रखा जा सकता है। उपभोक्ता के अंतिम बिंदु तक 0.2 पीपीएम अवशिष्ट क्लोरीन बनाए रखने के लिए इंटरमीडिएट क्लोरीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जल जीवन मिशन के तहत जिन गांवों में अभी वी.डी.एन. का कार्य नहीं हुआ है, उन्हें चिन्हित कर जल निगम अथवा ग्राम पंचायत के माध्यम से जल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों को समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश-
कलेक्टर ने सामूहिक अंशदान के भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए पंचायत दर्पण पोर्टल के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, कार्यपालन यंत्री जल निगम अलीअसगर, कार्यपालन यंत्री पीएचई वैभव भावसार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।