चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर की ओर से उपलब्ध कराई गई सचल विधिक सेवा केंद्र एवं मोबाइल लोक अदालत वाहन को बाल विवाह की रोकथाम और विधिक जागरूकता के प्रचार-प्रसार के लिए रवाना किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश चित्तौड़गढ़ मान सिंह चूंडावत ने न्यायालय परिसर से मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंकज कुमार काबरा भी उपस्थित रहे।
प्राधिकरण सचिव योगिता पारीक ने बताया कि मोबाइल वैन के माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकरण की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इनमें जागृति स्कीम, संवाद स्कीम, डॉन स्कीम, मानव-वन्यजीव संघर्ष स्कीम, पीड़ित प्रतिकर योजना, निःशुल्क विधिक सहायता एवं कानूनी सलाह, राष्ट्रीय लोक अदालत तथा साइबर फ्रॉड की रोकथाम से संबंधित जानकारी शामिल है। इस दौरान कानूनी जागरूकता से संबंधित पेम्पलेट भी वितरित किए जाएंगे।
मोबाइल वैन के माध्यम से ओछड़ी चौराहा, प्रतापनगर, सैंती, देहली गेट, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सुभाष चौक सहित विभिन्न स्थानों पर विधिक सेवाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
आगामी दिनों में मोबाइल वैन रावतभाटा, बेगूं, गंगरार, डूंगला, निम्बाहेड़ा, मंडफिया, भदेसर एवं बड़ीसादड़ी तालुका क्षेत्रों के गांवों और अन्य स्थानों पर पहुंचकर बाल विवाह की रोकथाम, विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध कानूनी सेवाओं के प्रति आमजन को जागरूक करेगी।