बेहरावल। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेहरावल में वर्षों तक विद्यार्थियों का भविष्य संवारने वाले शिक्षक महावीर अमृतिया के सेवानिवृत्त होने पर भावभीना विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय के समस्त स्टॉफ और बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने शिक्षक महावीर अमृतिया का फूल-मालाओं से आत्मीय स्वागत कर उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि महावीर अमृतिया ने अपने लंबे सेवाकाल में शिक्षा को सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि समाज निर्माण का माध्यम माना। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ अनुशासन, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों और ग्रामीणजनों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं। उनके सरल स्वभाव, कर्तव्यनिष्ठा और शिक्षा के प्रति समर्पण की जमकर सराहना की गई। इस दौरान कई बार माहौल भावुक हो गया।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिक्षक समाज की नींव मजबूत करने का काम करता है। सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षक की दी हुई शिक्षा और संस्कार विद्यार्थियों के जरिए पीढ़ियों तक जीवित रहते हैं।
वहीं, महावीर अमृतिया ने सम्मान और आत्मीय विदाई के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, विद्यालय परिवार, स्टॉफ और ग्रामीणजनों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवाकाल के दौरान मिला स्नेह, सहयोग और सम्मान उनके जीवन की अमूल्य पूंजी है।