खनियांधाना। राजमहल में इन दिनों शोक की गहरी लहर है। पूर्व विधायक एवं राजमहल परिवार के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय भानुप्रताप सिंह जूदेव के निधन के बाद लगातार जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों का शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंचना जारी है।
इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री एवं गुना-शिवपुरी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया विशेष रूप से खनियांधाना राजमहल पहुंचे। उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय भानुप्रताप सिंह जूदेव के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।
राजमहल पहुंचकर सिंधिया ने स्वर्गीय भानुप्रताप सिंह जूदेव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिवार के बीच बैठकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
इस दौरान उन्होंने स्वर्गीय महाराज साहब के बड़े पुत्र एवं खनियांधाना के पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह जूदेव, कुंवर सतेंद्र सिंह जूदेव और कुंवर कौशलेंद्र प्रताप सिंह जूदेव सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की।
सिंधिया ने इस अपूरणीय क्षति पर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वे शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
गौरतलब है कि स्वर्गीय भानुप्रताप सिंह जूदेव वर्ष 1972 से 1977 तक पिछोर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रहे थे। उनके निधन से खनियांधाना राजमहल परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।