नीमच। सिंगोली तहसील के ग्राम लुहारिया जाट में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पूर्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कथित पत्थरबाजी के चलते कार्रवाई अधूरी रह गई थी। अब पीड़ित दंपती ने कुछ लोगों पर खेत में पहुंचकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
जनसुनवाई में दिए आवेदन के अनुसार, कमलाबाई पति भेरूलाल गुर्जर ने ग्राम लुहारिया जाट की शासकीय भूमि के विभिन्न सर्वे नंबरों से अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इस पर अतिरिक्त तहसीलदार टप्पा रतनगढ़ ने 7 मई 2026 को आदेश जारी किया था। इसके बाद 26 मई को तहसीलदार, राजस्व अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई, लेकिन मौके पर विवाद और कथित पत्थरबाजी के कारण कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। पीड़िता के अनुसार, इसके बाद भी अतिक्रमण यथावत बना हुआ है।
खेत पर काम कर रहे दंपती से मारपीट का आरोप-
इसी विवाद के बीच कमलाबाई के पति भेरूलाल ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के अनुसार, भेरूलाल अपनी पत्नी कमलाबाई के साथ खेत में उड़द, मूंग और मक्का की फसल में काम कर रहे थे। इसी दौरान राजू पिता देवीलाल गुर्जर, पप्पू पिता देवीलाल गुर्जर और गोटू पिता किशन गुर्जर निवासी लुहारिया जाट कथित रूप से खेत पर पहुंचे और खेत को अपना बताते हुए वहां नहीं आने की बात कही।
आरोप है कि इसके बाद तीनों ने गाली-गलौज करते हुए भेरूलाल के साथ लकड़ी से मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची कमलाबाई के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। दंपती ने मामले में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
प्रशासन से पर्याप्त पुलिस बल के साथ कार्रवाई की मांग-
पीड़िता ने जिला प्रशासन से शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए पुनः कार्रवाई के आदेश जारी करने तथा पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई पूरी कराने की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस एवं प्रशासन की जांच के बाद ही हो सकेगी।