मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 का आयोजन 7 से 12 सितंबर तक किया जाएगा। छह दिनों तक चलने वाली यह परीक्षा प्रदेश के 12 संभागीय/जिला मुख्यालयों पर एक ही सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी। इंदौर में परीक्षा के लिए कुल छह केंद्र बनाए गए हैं, जहां 2428 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
परीक्षा को सुरक्षित, व्यवस्थित और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए आयोग ने इस बार परीक्षा केंद्रों पर नई त्रिस्तरीय जांच प्रक्रिया लागू की है। इसके तहत सीसीटीवी सर्विलांस, बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, ई-प्रवेश पत्र की स्कैनिंग, एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी और वीओआईपी व्यवस्था की गई है।
90 मिनट पहले पहुंचना होगा केंद्र पर
आयोग के निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से 90 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर अनिवार्य रूप से पहुंचना होगा। केंद्र पर अभ्यर्थियों की चरणबद्ध तरीके से जांच की जाएगी। एचएचएमडी के माध्यम से तलाशी भी की जाएगी।
पुरुष अभ्यर्थियों की तलाशी पुरुष वीक्षकों और महिला अभ्यर्थियों की जांच महिला वीक्षकों द्वारा निर्धारित केबिन में की जाएगी। वहीं, ट्रांसजेंडर अभ्यर्थियों को महिला अथवा पुरुष कर्मी से अपनी तलाशी करवाने का विकल्प दिया जाएगा।
केंद्र पर केवल जरूरी सामान ले जाने की अनुमति
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर अपने साथ केवल बॉल पेन, पानी की एक पारदर्शी बोतल, ई-प्रवेश पत्र और आईडी कार्ड ला सकेंगे। आवश्यक दवाइयां साथ रखने की भी अनुमति होगी। MPPSC ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें।