मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देश पर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंदसौर स्थित मैडॉक रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच के दौरान एक्सपायरी डेट के सॉस, कॉफी पाउडर सहित अन्य खाद्य सामग्री मिली, जिसे टीम ने जब्त कर लिया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में भी कई कमियां पाई गईं। स्वच्छता की स्थिति, गलत ब्रांडिंग तथा अमानक खाद्य पदार्थों के संबंध में टीम ने आवश्यक कार्रवाई की। कुछ खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
मौके पर अमानक एवं एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर पंचनामा तैयार किया गया। अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठानों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट और स्वच्छता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
कार्रवाई में एसडीएम शुभम पाटीदार, सीएमएचओ डॉ. आर.के. द्विवेदी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी जादौन, तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल, नायब तहसीलदार अभिषेक चौरसिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।