मंदसौर। जिले में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए मंगलवार को पुलिस विभाग में प्रशासनिक फेरबदल किया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने तीन निरीक्षकों, एक उपनिरीक्षक और तीन प्रधान आरक्षकों सहित कुल सात पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सुवासरा, अफजलपुर और अजाक थाने के प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
सुवासरा थाना प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह बघेल को पुलिस लाइन भेजा गया है। उनके स्थान पर निरीक्षक भगवानदास बीरा को सुवासरा थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं बलवीर सिंह चौधरी को अजाक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लंबे समय से थाना प्रभारी का पद रिक्त चल रहे अफजलपुर थाने की कमान बूढ़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विकास गहलोत को दी गई है।
सुवासरा में हालिया घटनाक्रम के बाद बदलाव-
सुवासरा में पिछले महीने मोहर्रम जुलूस के दौरान तनाव की स्थिति बनी थी। इसके बाद क्षेत्र में विरोध और बंद की स्थिति भी सामने आई थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं आसपास के थाना प्रभारियों को मौके पर पहुंचना पड़ा था। इसके बाद अब सुवासरा थाना प्रभारी में बदलाव किया गया है। हालांकि, स्थानांतरण आदेश में इसके कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है।
विकास गहलोत को अफजलपुर की जिम्मेदारी-
अफजलपुर थाना प्रभारी हरीश मालवीय को 6 अगस्त को काम में लापरवाही और अनियमितताओं के चलते पुलिस लाइन अटैच किया गया था। करीब 25 दिन बाद अब बूढ़ा चौकी प्रभारी विकास गहलोत को अफजलपुर थाने की कमान सौंपी गई है।
विकास गहलोत नवंबर 2025 से बूढ़ा चौकी प्रभारी के रूप में कार्यरत थे। इस दौरान वे पुलिस की विभिन्न विशेष टीमों में शामिल रहे और जिले में हुई कई महत्वपूर्ण पुलिस कार्रवाइयों में उनकी भूमिका रही।
इन पुलिसकर्मियों के भी हुए तबादले-
आरक्षक ड्राइवर वीरेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से कचनारा चौकी भेजा गया है। प्रधान आरक्षक ड्राइवर मनोहरदास बैरागी को कचनारा चौकी से पुलिस लाइन भेजा गया है। वहीं प्रधान आरक्षक रमीज राजा को सीतामऊ से पुलिस लाइन भेजा गया है।
एसपी बोले- बेहतर काम करने वालों को मिलेगा अवसर
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने कहा कि विभाग में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारी और अवसर दिए जाएंगे। वहीं कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। आवश्यकता के अनुसार आगे भी प्रशासनिक स्तर पर बदलाव किए जा सकते हैं, ताकि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।