गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ जनपद क्षेत्र के ग्राम गारियाखेड़ी में शासकीय स्कूल तक पहुंचने वाला मुख्य रास्ता और स्कूल भवन बदहाल स्थिति में हैं। स्कूल को गांव से जोड़ने वाली पुलिया क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के दौरान पास की नदी का जलस्तर बढ़ने से यहां से आवागमन जोखिम भरा हो जाता है। इसके बावजूद स्कूली बच्चे और ग्रामीण इसी रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं।
ग्रामीण विकास मीणा ने बताया कि बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ जाता है। ऐसे में क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजरना खतरे से खाली नहीं रहता। वैकल्पिक रास्ता मौजूद है, लेकिन वह काफी लंबा और घुमावदार है। समय बचाने के लिए ग्रामीण और बच्चे इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।
जर्जर भवन में सुरक्षित स्थान पर लग रही कक्षाएं-
स्कूल भवन की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। भवन की छत से प्लास्टर गिरने, दीवारों पर सीलन और जर्जर कक्षाओं की समस्या सामने आई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें भवन के सुरक्षित हिस्से में बैठाकर कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानाध्यापक शंकरलाल बिसोनिया ने बताया कि स्कूल भवन का इंजीनियरों द्वारा निरीक्षण किया जा चुका है। शासन स्तर से मरम्मत की स्वीकृति मिलने की जानकारी दी गई है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
खेल मैदान में गड्ढे, बाउंड्रीवॉल का भी अभाव-
स्कूल का खेल मैदान भी बदहाल है। ग्रामीण चिंटू मीणा के अनुसार, मैदान में जगह-जगह गड्ढे हैं। वहीं बाउंड्रीवॉल नहीं होने से बच्चों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर सीएम हेल्पलाइन और संबंधित विभाग में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक ठोस समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त पुलिया का जल्द निर्माण कराने, स्कूल भवन की मरम्मत, खेल मैदान को समतल करने और बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने की मांग की है।