चित्तौड़गढ़। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को चित्तौड़गढ़ मुख्यालय पर विद्यार्थियों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। शहीद मेजर नटवर सिंह शक्तावत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने हाथों में जागरूकता संदेशों वाले पोस्टर लेकर मतदान के महत्व से जुड़े नारे लगाए और आमजन से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की।
रैली को जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम गौड़ एवं मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शंभू लाल सोमानी ने संबोधित कर रवाना किया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
जिला स्वीप प्रकोष्ठ की रेखा चौधरी एवं पारस कुमार टेलर के नेतृत्व में रैली विद्यालय परिसर से शुरू हुई। रैली शास्त्री नगर चौराहे सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान विद्यार्थियों ने मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक नारे लगाए।
रैली में विद्यालय के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश छिपा, उपप्रधानाचार्य शंभू लाल जाट सहित विद्यालय स्टाफ भी मौजूद रहा और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रेमनगर स्कूल में पोस्टर प्रतियोगिता
मतदाता जागरूकता अभियान के तहत महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, प्रेमनगर में पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। जिला स्वीप टीम के भरत लढ़ा, अलका कोठारी, वनिता काबरा, गंगा बुनकर, रोहित, गोवर्धन आचार्य एवं अनुसूया डांगी के संयोजन में हुई प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों और रचनात्मक संदेशों के माध्यम से मतदान के महत्व को दर्शाया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दोनों आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को संदेश दिया कि मजबूत लोकतंत्र के लिए हर मतदाता का मतदान करना जरूरी है।