चित्तौड़गढ़। नगर निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर जिले की सातों नगर निकायों में नामांकन प्रक्रिया पूरी हो गई। वार्ड सदस्य पदों के लिए 27, 29 और 31 अगस्त को उम्मीदवारों ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष कुल 1,279 नामांकन पत्र दाखिल किए। इन नामांकन पत्रों के माध्यम से कुल 1,178 उम्मीदवारों ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए दावेदारी पेश की है।
नामांकन के पहले दिन 27 अगस्त को बड़ीसादड़ी में 11 और कपासन में एक सहित कुल 12 उम्मीदवारों ने 12 नामांकन पत्र दाखिल किए।
इसके बाद 29 अगस्त को जिले की सातों नगर निकायों में 176 उम्मीदवारों ने 188 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए। इनमें चित्तौड़गढ़ में 62, बेगूं में 4, रावतभाटा में 6, निम्बाहेड़ा में 10, बड़ीसादड़ी में 36, आकोला में 37 और कपासन में 33 नामांकन पत्र शामिल रहे।
वहीं, 31 अगस्त को नामांकन का अंतिम दिन सबसे अधिक हलचल वाला रहा। इस दिन 990 उम्मीदवारों ने कुल 1,079 नामांकन पत्र दाखिल किए। चित्तौड़गढ़ में 298, बेगूं में 100, रावतभाटा में 147, निम्बाहेड़ा में 214, बड़ीसादड़ी में 87, आकोला में 95 और कपासन में 138 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए।
चित्तौड़गढ़ में सबसे ज्यादा नामांकन
तीनों दिनों को मिलाकर नगर परिषद चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक 360 नामांकन पत्र 299 उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए गए। इसके बाद निम्बाहेड़ा में 218 उम्मीदवारों ने 224 नामांकन पत्र दाखिल किए।
इसी तरह कपासन में 154 उम्मीदवारों ने 172 नामांकन पत्र, रावतभाटा में 151 उम्मीदवारों ने 153, बड़ीसादड़ी में 134 उम्मीदवारों ने 134, आकोला में 118 उम्मीदवारों ने 132 और बेगूं में 104 उम्मीदवारों ने 104 नामांकन पत्र दाखिल किए।
अब नामांकन पत्रों की जांच, वैध नामांकन पत्रों की सूची जारी होने, नाम वापसी और निर्विरोध निर्वाचन की प्रक्रिया के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।
जिले की सातों नगर निकायों के कुल 250 वार्डों के लिए चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है।