गरोठ। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के मार्गदर्शन में गरोठ उपखंड की तहसील गरोठ, शामगढ़ एवं भानपुरा में राहगीर अभियान 2.0 का शुभारंभ एसडीएम राहुल चौहान ने किया। अप्रैल माह में चलाए गए राहगीर अभियान की सफलता के बाद दूसरे चरण की शुरुआत की गई है।
अभियान के तहत शेष बचे ग्रामीण रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ ऐसे रास्तों को चिन्हित किया जाएगा, जो खसरा, नक्शे एवं निस्तार पत्रक में दर्ज हैं। इसी संबंध में एसडीएम राहुल चौहान ने जनपद पंचायत गरोठ के सभा कक्ष में तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं समस्त पटवारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों को रास्तों का चिन्हांकन कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्राथमिकता से करने तथा अभियान के तहत चिन्हित मार्गों की जानकारी व्यवस्थित रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।