खनियांधाना। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शहर में लगाए गए स्वागत और बधाई बैनर फाड़े जाने की घटना को लेकर खनियांधाना में यादव समाज और सर्व समाज का विशाल महा प्रदर्शन देखने को मिला।
बताया गया कि 29 अगस्त की रात कुछ अज्ञात लोगों ने रेंज महाराणा प्रताप चौराहे सहित शहर में लगाए गए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के बैनरों को फाड़ दिया था। घटना की जानकारी सामने आने के बाद यादव समाज और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया।
इसके बाद 30 अगस्त को यादव समाज और सर्व समाज के प्रतिनिधिमंडल ने खनियांधाना थाने पहुंचकर थाना प्रभारी संजय सिंह किरार को ज्ञापन सौंपा और आरोपियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। साथ ही पुलिस को कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था।
48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद आज रेंज महाराणा प्रताप चौराहे पर हजारों की संख्या में लोग एकत्र हुए और शांतिपूर्ण तरीके से जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में खनियांधाना के अलावा शिवपुरी, गुना और अशोकनगर से भी बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।
वहीं, मामले से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें चार संदिग्ध युवक बैनर फाड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि फुटेज सामने आने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
वहीं, खनियांधाना थाना प्रभारी संजय सिंह किरार का कहना है कि बैनर फाड़ने वाले आरोपियों के खिलाफ जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में माहौल गर्म है और लोगों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर बनी हुई है।