नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के ग्राम पावड़ा कला निवासी नानूराम मीणा के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ के दो प्रकरण दर्ज होने के बाद समाजजनों एवं परिजनों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ज्ञापन में परिजनों ने दोनों मामलों को असत्य बताते हुए कहा कि व्यक्तिगत विवाद के चलते नानूराम को परेशान किया जा रहा है। उनके अनुसार, पहला प्रकरण फरवरी 2026 में दर्ज हुआ था, जबकि दूसरा प्रकरण बाद में दर्ज किया गया।
परिजनों का कहना है कि नानूराम वाहन चलाकर रोजगार करता है और संबंधित परिवार के घर के सामने से गुजरना उसके गांव आने-जाने का एकमात्र रास्ता है। उन्होंने पुलिस से आसपास के लोगों एवं पड़ोसियों के बयान दर्ज कर दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच में आरोप असत्य पाए जाते हैं तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। परिजनों ने नानूराम के मानसिक रूप से परेशान होने का हवाला देते हुए उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।