पालसोड़ा। ग्राम पालसोड़ा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं के लिए निशुल्क साइकिल वितरण समारोह हर्षाेल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्राचार्य सत्यनारायण बैरागी ने की। मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार रहे। विशेष अतिथि के रूप में मंडल अध्यक्ष किशोर दास बैरागी, महामंत्री जगदीश परमार एवं सरपंच प्रतिनिधि रामनारायण ‘गुड्डू’ जाट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना के साथ हुआ। शासन की योजना के तहत विद्यालय की 44 छात्राओं को निशुल्क साइकिलें वितरित की गईं।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि साइकिल मिलने से दूर-दराज के क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता एवं गुरुजनों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि शिक्षा समाज और देश के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बेटी शिक्षा से वंचित न रहे। साइकिल मिलने से छात्राओं को समय पर विद्यालय पहुंचने में सुविधा होगी और उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी।
साइकिल स्टैंड के लिए एक लाख रुपये की घोषणा-
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने विद्यालय परिसर में साइकिल स्टैंड के निर्माण के लिए विधायक निधि से एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को साइकिल सुरक्षित रखने में सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में डॉ. नरेंद्र शर्मा, पंडित घनश्याम शास्त्री, अर्जुन जाट, राजेंद्र सिंह चौहान, मुकेश कच्छावा, नंदकिशोर पोरवाल, अनिल राठौर, सत्यनारायण पाटीदार, सत्यनारायण सेन, सुनील पुष्करणा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अर्जुन व्यास एवं सत्यनारायण राठौर ने किया। आभार शिक्षिका ज्योति शर्मा ने व्यक्त किया।