मंदसौर। मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने जिलेभर से आए 82 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने भी आवेदकों की समस्याओं पर सुनवाई की और संबंधित विभागों के अधिकारियों को समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में ग्राम गुराडियालालमुहा निवासी भेरूलाल ने मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन हटाने संबंधी आवेदन दिया। इस पर एमपीईबी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बाजखेड़ी निवासी सुगनबाई ने कृषि भूमि की नपती एवं सीमांकन तथा सूरजनी निवासी कारूलाल ने भूमि का कब्जा दिलाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। दोनों मामलों में संबंधित तहसीलदारों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मंदसौर निवासी दुर्गाेश ने अवैध होर्डिंग्स के संबंध में शिकायत की। इस पर नगर पालिका सीएमओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा जनसुनवाई में आरसीसी निर्माण, शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने, सिलिकोसिस बीमारी की राशि बढ़ाने, आर्थिक सहायता, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, सीमांकन एवं भूखंड विक्रय सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।