मंदसौर। जिला होमगार्ड के तत्वावधान में आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन ने कहा कि आपदा मित्र कुशलता से प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वयं को सदैव अपडेट रखें। आपदा के समय आमजन की सुरक्षा में आपदा मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल, नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर, जिला होमगार्ड कमांडेंट वीरेंद्र सिंह जादौन, कंपनी कमांडर रब्बी उल्ला काजी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले के 135 युवाओं, जिनमें युवक-युवतियां दोनों शामिल हैं, को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सीईओ जैन ने कहा कि आपदा के दौरान विभिन्न प्रकार के प्रबंधन की आवश्यकता होती है। इसके लिए कुशल एवं प्रशिक्षित लोगों की भूमिका अहम होती है। आपदा मित्र स्वयं की नहीं, बल्कि दूसरों की जान-माल की सुरक्षा के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं, जो सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आपदाओं का स्वरूप भी बदल रहा है। ऐसे में आपदा प्रबंधन के लिए लगातार नई जानकारी एवं तकनीकों से अपडेट रहना जरूरी है। प्रशिक्षण के बाद आपदा मित्र आवश्यकता के समय उपलब्ध रहें और निर्धारित स्थान पर उनकी मौजूदगी सुनिश्चित हो। सूचना तंत्र मजबूत रखते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान भी आवश्यक है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल ने कहा कि आपदा मित्रों की भूमिका आपदा प्रबंधन के साथ-साथ भीड़ प्रबंधन एवं नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण हो सकती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने और आपदा के समय तत्परता से सेवाएं देने का आह्वान किया।
नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर ने आपदा मित्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे कर्तव्य निर्वहन के लिए सदैव तत्पर रहें और निस्वार्थ भाव से सेवा की भावना रखें।
कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला होमगार्ड कमांडेंट वीरेंद्र सिंह जादौन ने स्वागत उद्बोधन दिया। कंपनी कमांडर रब्बी उल्ला काजी ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। संचालन विजय सिंह पुरावत ने किया तथा आभार कंपनी कमांडर संदीप भंवर ने माना।