खरगोन। शहर में 30 अगस्त को निकले भगवान सिद्धनाथ महादेव के ऐतिहासिक शिवडोले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया। शिवडोले में शामिल श्रद्धालुओं और युवाओं के पास से पुलिस ने सैकड़ों की संख्या में भारी-भरकम और धारदार स्टील के कड़े उतरवाए।
पुलिस के मुताबिक, शिवडोले में लाखों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। ऐसे में भीड़भाड़ वाले धार्मिक आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोकने के लिए पुलिस ने एहतियाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी बीएल मंडलोई ने बताया कि कई युवा भारी वजन वाले और धारदार स्टील के कड़े पहने हुए थे। विवाद की स्थिति में इन कड़ों का इस्तेमाल किसी को चोट पहुंचाने के लिए किया जा सकता था। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भीड़ के बीच ऐसे कड़े पहने नजर आए युवाओं और श्रद्धालुओं से कड़े उतरवा लिए।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दृष्टि से की गई।