नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र में सगरग्राम के पास मंगलवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मंडफिया स्थित धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जा रही फिगो कार को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्राला भी अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में कार सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार धार जिले की बदनावर तहसील के कानवन गांव निवासी पांच लोग मंगलवार सुबह कार से मंडफिया स्थित सांवरिया सेठ के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। सगरग्राम के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्राले की चपेट में आ गई। हादसे की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस पायलट केशव बलवारा, संदीप मोदी, नरेंद्र खींची और सुनील खींची मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचने पर एक युवक ने दम तोड़ा-
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने हिमांशु पंवार को मृत घोषित कर दिया। हादसे में जय सिंह पंवार, मोहित पंवार, अंकित लोहार (गणपत लोहार के पुत्र) और आशीष पंवार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायल कानवन गांव के निवासी हैं और उनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है।
कार की पिछली सीट पर सो रहा था अंकित-
घायल अंकित लोहार ने बताया कि वे सभी मंगलवार सुबह कानवन से मंडफिया के लिए निकले थे। हादसे के समय वह कार की पिछली सीट पर सो रहा था। अचानक जोरदार टक्कर और धमाके की आवाज से उसकी आंख खुली। इसके बाद उन्हें हादसे का पता चला।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हादसे की सूचना मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी गई है। जीरन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।