शाजापुर। जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ मंगलवार से भारतीय किसान संघ ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। धरना कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में आयोजित किया जा रहा है। बीमा क्लेम न मिलने से नाराज किसानों ने अब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
दरअसल, पूरा मामला खरीफ 2025 की सोयाबीन फसल के बीमा क्लेम से जुड़ा हुआ है। किसानों का आरोप है कि पिछले साल उनकी सोयाबीन की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई थी, जिसका नाममात्र मुआवजा सरकार ने दिया था। किसानों ने अपनी फसल का बीमा करवाया था, जिसके लिए किसी किसान ने 10 हजार तो किसी ने 15, 20 और 25 हजार रुपये तक प्रीमियम के रूप में जमा किए थे। लेकिन 14 से 15 महीने बीत जाने के बाद भी बीमा क्लेम की राशि आज तक किसानों के खातों में नहीं आई है।
वहीं वर्तमान में खेतों में खड़ी सोयाबीन की फसल में भी पीला मोजेक और अफलन जैसी गंभीर बीमारियों ने किसानों की कमर तोड़ दी है। फसल में फल नहीं आ रहे हैं, जिससे किसान दोहरी मार झेल रहा है। इसी को लेकर किसानों में बीमा कंपनी और सरकार के खिलाफ बेहद आक्रोश देखने को मिल रहा है भारतीय किसान संघ ने साफ तौर पर चेतावनी दी है कि जब तक सरकार लिखित में आश्वासन नहीं देती कि 5 से 7 दिन के अंदर किसानों का बीमा क्लेम उनके खातों में डाला जाएगा, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। फिलहाल मौके पर कोई भी अधिकारी किसानों से बात करने नहीं पहुंचा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस धरने को लेकर क्या रुख अपनाता है।