चित्तौड़गढ़। पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद और असहाय लोगों की मदद करना भी पुलिस की सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी मानवीय पहल का उदाहरण चित्तौड़गढ़ में महिला कांस्टेबल दुर्गा और प्रियंका ने पेश किया। पेट्रोलिंग के दौरान मिली एक असहाय महिला राधा की स्थिति को समझते हुए दोनों कांस्टेबलों ने उसके सरकारी योजनाओं एवं पेंशन से जुड़े लंबित कार्यों को पूरा करवाने में मदद की।
विधवा पेंशन शुरू कराई, बच्चों को योजनाओं से जोड़ा-
महिला कांस्टेबलों ने राधा के आवश्यक दस्तावेज जुटाने और सरकारी योजनाओं से संबंधित प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग किया। उनके प्रयासों से राधा की विधवा पेंशन शुरू हुई। साथ ही उसके बच्चों का स्कूल में प्रवेश करवाने के साथ उन्हें पालनहार योजना सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। इससे जरूरतमंद परिवार को सरकारी सहायता एवं सुविधाओं का लाभ मिल सका।
एसपी ने प्रशंसा-पत्र देकर किया सम्मानित-
महिला कांस्टेबलों के इस सराहनीय और संवेदनशील कार्य के लिए जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने मंगलवार को कालिका पेट्रोलिंग यूनिट में तैनात कांस्टेबल दुर्गा एवं प्रियंका को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। दोनों महिला पुलिसकर्मियों को 5-5 हजार रुपए का रिवॉर्ड रोल भी प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिला पुलिस अधीक्षक ने दोनों कांस्टेबलों की जनसेवा और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।