मंदसौर। जिले के ग्राम हासली में बुधवार सुबह एक जंगली जानवर ने किसान के बाड़े में बंधी बकरियों पर हमला कर दिया। हमले में 6 बकरियों की मौत हो गई, जबकि 4 बकरियां घायल हैं। वहीं, दो बकरियों को जंगली जानवर उठाकर ले गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने शुरुआती जांच में हमले के पीछे हाइना या तेंदुए की आशंका जताई है।
बाड़े में पहुंचा किसान तो दिखा खौफनाक मंजर-
किसान नैन सिंह गुर्जर की बकरियां गांव के बाड़े में बंधी हुई थीं। बुधवार सुबह जब वे बाड़े में पहुंचे तो कई बकरियां मृत पड़ी थीं, जबकि कुछ घायल अवस्था में मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी।
सूचना पर नई आबादी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा बनाया। वन विभाग की टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर जंगली जानवर के हमले के निशान तलाशे, हालांकि घटनास्थल पर जानवर के स्पष्ट पदचिह्न नहीं मिले।
हाइना या तेंदुए के हमले की आशंका-
वनपाल नरेंद्र मालवीय के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हमला किसी बड़े जंगली जानवर द्वारा किया जाना प्रतीत हो रहा है। क्षेत्र में हाइना देखे जाने की जानकारी सामने आई है, जबकि तेंदुए की मौजूदगी की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
वन विभाग के अनुसार, तेंदुआ आमतौर पर शिकार को उसी स्थान पर खाता है, जबकि हाइना शिकार को उठाकर दूसरी जगह ले जा सकता है। दो बकरियों को उठाकर ले जाने के कारण फिलहाल हाइना के हमले की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों ने यह संभावना भी जताई है कि दो-तीन हाइना ने मिलकर बकरियों पर हमला किया हो। हालांकि, जंगली जानवर की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
संभावित ठिकानों पर बढ़ाई निगरानी-
वन विभाग की टीम क्षेत्र में संभावित आवागमन वाले स्थानों पर जंगली जानवर के पदचिह्न और अन्य संकेत तलाश रही है। साथ ही आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवर की पहचान कर उसे पकड़ने तथा क्षेत्र में निगरानी और बढ़ाने की मांग की है।