मंदसौर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समरसता कलश वंदन यात्रा का जिले के विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया। यात्रा के गोवर्धनपुरा, गुराड़िया विजय, कुरावन, बसई, सीतामऊ और अफजलपुर पहुंचने पर श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने संतों का तिलक लगाकर अभिनंदन किया तथा कलश की पूजा-अर्चना कर पुष्पवर्षा की।
यात्रा में शामिल जनप्रतिनिधियों ने संत रविदास जी के जीवन, विचारों और मानवता के संदेश पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य समाज में समरसता, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि संत रविदास जी ने जात-पात से ऊपर उठकर सभी को समानता का संदेश दिया। उनका मानवता और सामाजिक समरसता का विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।
यात्रा के विभिन्न स्थानों पर पहुंचने के दौरान लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर कलश का स्वागत किया और संत रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।