नीमच। सांवरिया जी और रामदेवरा की पैदल यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए नीमच में अन्नपूर्णा सेवा न्यास की राम रसोई आस्था के साथ सेवा की मिसाल पेश कर रही है। कनावटी रोड पर लगातार पांचवें वर्ष संचालित हो रहे इस सेवा शिविर में थके यात्रियों को भोजन, विश्राम और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। पिछले कुछ दिनों से प्रतिदिन 2 हजार से अधिक श्रद्धालु यहां भोजन कर रहे हैं।
न्यास के संयोजक एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश ‘पप्पू’ जैन ने बताया कि बारिश से यात्रियों को बचाने के लिए वॉटरप्रूफ टेंट में करीब 150 श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई है। सुबह चाय-नाश्ते से शुरू होने वाली सेवा दिनभर भोजन तक जारी रहती है। सुबह के समय भी सैकड़ों श्रद्धालु चाय-नाश्ता करते हैं।
छालों से लेकर बुखार तक उपचार की सुविधा-
पैदल यात्रा के दौरान पैरों में छाले पड़ने, बुखार या अन्य सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर शिविर में चिकित्सक एवं आवश्यक दवाइयों की सुविधा भी उपलब्ध है। श्रद्धालुओं के लिए स्नान की व्यवस्था की गई है। रात में रुकने वाले यात्रियों को सुबह करीब 4.30 से 5 बजे चाय पिलाकर उनकी अगली यात्रा के लिए विदा किया जाता है।
करीब एक माह तक जारी रहेगा सेवा अभियान-
सेवा अभियान को शुरू हुए 19 दिन हो चुके हैं और इसे करीब एक माह तक संचालित करने की तैयारी है। यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सेवा 7-8 सितंबर तक जारी रखने की योजना है। खास बात यह है कि सेवा केवल पैदल यात्रियों तक सीमित नहीं है। वाहनों से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी यहां चाय, अल्पाहार और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
जरूरतमंद की मदद ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म-
राकेश जैन ने कहा कि पैदल यात्री संघों की सेवा सनातन परंपरा का हिस्सा है। जरूरतमंद की मदद करना ही मानवता का सबसे बड़ा धर्म है। अन्नपूर्णा सेवा न्यास की यह सेवा भावना जिला चिकित्सालय में भोजन व्यवस्था, अस्पताल, मेडिकल स्टोर सहित विभिन्न स्थायी सेवा प्रकल्पों के माध्यम से भी लगातार जारी है।