नीमच। कनावटी के पास निर्माणाधीन फोरलेन पर हुए हादसे में 32 वर्षीय बाइक सवार प्रसाद गाड़ी लोहार, निवासी प्रताप नगर, कनावटी की मौत हो गई। हादसे में प्रसाद के सिर में गंभीर चोट आई थी। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि फोरलेन पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा संकेतक और साइनबोर्ड पर्याप्त संख्या में नहीं लगाए गए थे। बारिश के बीच सड़क पर डाली गई मिट्टी के कारण फिसलन की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई और हादसा हो गया।
परिजनों ने दिया धरना-
हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने सोमवार सुबह धरना देकर निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी। इसके बाद परिजन शांत हुए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
निर्माण कार्य की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल-
कनावटी फोरलेन पर निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में सड़क पर मिट्टी डालने से कई स्थानों पर फिसलन की स्थिति बन जाती है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और हादसों की आशंका बनी रहती है।
अब एक युवक की मौत के बाद निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा मानकों के पालन, पर्याप्त संकेतक लगाने और निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी तय करने का मुद्दा एक बार फिर सामने आया है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की है।