कालापीपल। ग्राम सादनखेड़ी में श्रीमद् भागवत कथा के चतुर्थ दिवस पर श्रीकृष्ण जन्मोत्सव धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन होते ही कथा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने “आलकी के पालकी, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया।
कथावाचक अलकनंदा दीदी के मुखारविंद से श्रद्धालु श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कर रहे हैं। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भजनों और जयकारों के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते और नृत्य करते नजर आए। जन्मोत्सव के दौरान कथा पंडाल में उत्सव जैसा माहौल रहा।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भगवान के जन्म की खुशी में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर अपनी श्रद्धा और उत्साह व्यक्त किया। बड़ी संख्या में मौजूद श्रद्धालुओं ने जन्मोत्सव में सहभागिता की।
गौरतलब है कि ग्राम सादनखेड़ी में 30 अगस्त से 5 सितंबर तक श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा का समापन 5 सितंबर को होगा। समापन अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है।