सरवानिया महाराज। शहर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गुरुवार को राज्य शासन के निर्देशानुसार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन के साथ हुआ।
इसके बाद कक्षा 11वीं की छात्राओं ने श्रीकृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति दी। कक्षा 12वीं की छात्रा मानसी पिता विजयदास बैरागी ने भगवान श्रीकृष्ण तथा कक्षा 9वीं की छात्रा टोना पिता लक्ष्मीनारायण ने राधा का रूप धारण कर मनमोहक प्रस्तुति दी।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता में अंजू ने जीता पुरस्कार-
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं की छात्रा अंजू धनगर पिता लालाराम धनगर ने मटकी फोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और पुरस्कार जीता।
इस अवसर पर शाला प्राचार्य स्मिता नागदा ने जन्माष्टमी कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं को प्रसाद वितरित किया गया।