नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में ‘श्रीकृष्ण दीवानी मीरा’ नाटक एवं गीता के श्लोक वाचन का आयोजन किया गया। विपरीत परिस्थितियों के बीच मीरा के कृष्ण प्रेम को दर्शाती भावपूर्ण नाट्य प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों का मन मोह लिया।
नाटक में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा अंशिका सोनी ने मीरा, अक्षिता ने भोजराज तथा गहना ने विक्रमादित्य की मुख्य भूमिकाएं निभाईं। नित्या ने सूत्रधार की भूमिका निभाई, जबकि निशा, सोफिया, क्षिप्रा एवं सिद्धि ने सहयोगी भूमिकाओं में प्रभावी प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के दौरान गीता के कर्मयोग से संबंधित श्लोकों का वाचन बीए की छात्राओं इशिता, निकिता एवं चंद्रकला तथा बीएससी की छात्राओं खुशबू एवं योगिता ने किया।
छात्राओं को संबोधित करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में हमारे जीवन के लिए महत्वपूर्ण संदेश निहित है। हमें फल की इच्छा किए बिना अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए निष्काम कर्म करना चाहिए।
इस अवसर पर महाविद्यालय की समस्त छात्राएं एवं स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अविनाश बिहारिया ने किया।