नीमच। मध्यप्रदेश सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त सुन्नी मुस्लिम काज़ियात कमेटी मध्यप्रदेश के प्रदेश में विस्तार के क्रम में नीमच जिला कमेटी का गठन किया गया है। प्रदेश उपाध्यक्ष प्यारे साहब (सदस्य, मध्यप्रदेश राज्य सर्व शिक्षा अभियान मिशन समिति) की अनुशंसा एवं प्रदेश विधिक सलाहकार तकमील नासिर (अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया एवं मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय) की सहमति से प्रदेश अध्यक्ष काज़ी सैयद अनस अली चिश्ती ने 11 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया।
कमेटी में मोहम्मद यूनुस को अध्यक्ष, हारून रशीद कुरैशी को उपाध्यक्ष, मुफ्ती मोहम्मद तौसीफ को सचिव, नदीम कुरैशी को सह-सचिव तथा मोहम्मद इसहाक को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं काज़ी सैयद आदिल, हाफिज अमजद अली, भूरा मुंशी, एडवोकेट मोहम्मद शादाब, शमशाद अली एवं अब्दुल गफ्फार को सदस्य मनोनीत किया गया है।
समाजहित के कार्यों को मिलेगा विस्तार-
प्रदेश उपाध्यक्ष प्यारे साहब ने कहा कि कमेटी के कार्यक्षेत्र का विस्तार पूरे मध्यप्रदेश में किया जा रहा है। नर्मदापुरम, शहडोल, मंडला एवं नीमच में जिला स्तर पर कमेटी से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान को गति मिलेगी।
प्रदेश विधिक सलाहकार एडवोकेट तकमील नासिर ने बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों को सहयोग उपलब्ध कराना, धार्मिक एवं सामाजिक मामलों में व्यवस्थित मार्गदर्शन देना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
जिला अध्यक्ष मोहम्मद यूनुस ने कहा कि कमेटी मुस्लिम समाज के जरूरतमंद, गरीब, अनाथ एवं दिव्यांग लोगों के कल्याण के लिए कार्य करेगी। इसके तहत सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने, पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा अल्पसंख्यक समाज से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग किया जाएगा।
जिला उपाध्यक्ष हारून रशीद कुरैशी (पूर्व पार्षद) ने बताया कि हज यात्रा पर जाने वाले हाजियों की सुविधा के लिए हज प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा उर्दू, अरबी एवं फारसी से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तथा मुस्लिम पिछड़ा वर्ग की जाति आदि के प्रमाण-पत्र शासन के नियमानुसार बनवाने में सहयोग किया जाएगा।
कमेटी द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिला मुख्यालयों सहित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में काज़ियों के प्रशिक्षण, चयन एवं नियुक्ति की प्रक्रिया को व्यवस्थित करने तथा निकाह संपन्न कराने के लिए नियमानुसार अधिकृत व्यवस्था विकसित करने का भी उद्देश्य रखा गया है।
धार्मिक मामलों में मार्गदर्शन की व्यवस्था-
जिला सदस्य एवं शहर काज़ी, जावद काज़ी सैयद आदिल ने बताया कि कमेटी इस्लामी धार्मिक मामलों में मुस्लिम पर्सनल लॉ के अनुरूप मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए कुरआन एवं हदीस की रोशनी में धार्मिक प्रश्नों के जवाब देने हेतु मुफ्ती एवं इस्लामी विद्वानों का मनोनयन करेगी। साथ ही परंपरागत इस्लामी त्योहारों की चांद की तारीखों का शरीयत के अनुसार ऐलान करने की व्यवस्था में भी सहयोग किया जाएगा।
विभिन्न जिलों से मिली बधाइयां-
नीमच जिला कमेटी के गठन पर सुन्नी मुस्लिम काज़ियात कमेटी नर्मदापुरम के अध्यक्ष सैयद अमजद हुसैन, उपाध्यक्ष सलीम खान, सचिव मोहम्मद जुनैद ताजी एवं सह-सचिव सादिक खान, शहडोल कमेटी के अध्यक्ष हाफिज जाहिद हुसैन अशरफी, उपाध्यक्ष अमजद खान एवं सचिव मोहम्मद अकील खान तथा मंडला कमेटी के अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार कुरैशी, उपाध्यक्ष दिल फिरोज कुरैशी एवं सचिव सैफुल खान सहित नीमच के मुस्लिम समाजजनों ने नवनियुक्त जिला कमेटी को बधाई दी।