नीमच। ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ नीमच परिसर में मध्य प्रदेश सेक्टर सीआरपीएफ भोपाल के अधीनस्थ प्रशासनिक एवं परिचालनिक बटालियनों और कार्यालयों के बीच आयोजित क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का 3 सितंबर को समापन हुआ।
1 सितंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता में ग्रुप केंद्र नीमच, भोपाल और ग्वालियर सहित विभिन्न बटालियनों, 107 द्रुत कार्य बल और 4 सिग्नल बटालियन के जवानों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों की शारीरिक स्फूर्ति, मानसिक दृढ़ता, सहनशक्ति और टीम भावना को बढ़ावा देना रहा।
समापन समारोह में ग्रुप केंद्र नीमच के उप महानिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार के मार्गदर्शन में संयुक्त अस्पताल नीमच की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संसृति शर्मा ने विजेताओं को पदक और ट्रॉफी प्रदान की।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान उप निरीक्षक अंकित, प्रथम बटालियन, द्वितीय स्थान सिपाही/जीडी सुनीत कुमार राजपूत, 41 बटालियन और तृतीय स्थान सिपाही/जीडी शिवम यादव, 41 बटालियन ने हासिल किया। टीम प्रदर्शन में 41 बटालियन प्रथम और प्रथम बटालियन द्वितीय स्थान पर रही।
इस अवसर पर डॉ. संसृति शर्मा ने कहा कि सीआरपीएफ की कार्यशैली में तकनीकी दक्षता के साथ शारीरिक स्फूर्ति भी बेहद जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिताएं जवानों की तत्परता, टीम भावना और आपसी समन्वय को मजबूत करती हैं।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और जवानों ने धावकों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में अमर सिंह चौहान, राजेन्द्र प्रसाद रेगर, दुष्यंत गोस्वामी, सीमा सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।