नीमच। अवैध रेत के परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए 2 ट्रैक्टर और करीब 5 डंपर रेत जब्त की है। यह कार्रवाई ग्वालटोली में श्रीकृष्णा कांटे के सामने और उमापति महादेव मंदिर के पीछे की गई।
खनिज अधिकारी जगन सिंह भिड़े के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान मौके पर रेत का अवैध भंडारण नगर पालिका की जमीन पर पाया गया। जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों पर राजेंद्र एंटरप्राइजेज लिखा मिला।
फिलहाल खनिज विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। रेत किस व्यक्ति या संस्था द्वारा यहां जमा की गई थी, इसकी जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। इसके आधार पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अवैध रेत के परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।