निम्बाहेड़ा। धाकड़ समाज की ओर से गुरुवार को आराध्य देव भगवान श्री धरणीधर की जयंती के अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता के रंग में सजी शोभायात्रा में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नगर में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
शोभायात्रा के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान विधायक कृपलानी ने रथ पर विराजित भगवान श्री धरणीधर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
इसके बाद उदयपुर मार्ग पर नवस्थापित भगवान श्री धरणीधर की प्रतिमा के दर्शन कर विधायक कृपलानी ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ एवं पंचायत समिति निम्बाहेड़ा के पूर्व प्रधान बगदीराम धाकड़ भी मौजूद रहे।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने धाकड़ समाज सहित समस्त नगरवासियों को भगवान श्री धरणीधर जयंती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान श्री धरणीधर समाज को परिश्रम, सेवा, त्याग और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ समाज में भाईचारे और सद्भाव की भावना को भी मजबूत करते हैं।
भाजपा कार्यालय पर स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं में खासा उत्साह नजर आया। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने धार्मिक जयघोष के साथ भगवान श्री धरणीधर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी, नगर निकाय चुनाव सह संयोजक उमेश तोतला, भाजपा एससी मोर्चा जिलाध्यक्ष कमलेश बुनकर, नगर महामंत्री कमलेश बनवार, नगर उपाध्यक्ष गोपाल पंचोली, पुष्कर सोनी, जगदीश माली, नगर मंत्री आशीष बोड़ाना, शिवदयाल कुमावत, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह राठौड़, भाजयुमो नगर महामंत्री आशीष टांक, हितेश जोशी, महेश गोयल, रमेश मीणा, नितिन नवलखा, देवीलाल प्रजापत, रजनीश गोठवाल, नगर निकाय चुनाव भाजपा प्रत्याशी कालु सेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, धाकड़ समाज के गणमान्यजन एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।