नीमच/मनासा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), नई दिल्ली के निर्देशानुसार संचालित 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के अंतर्गत ग्राम बर्डिया, तहसील मनासा में ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक का शुभारंभ किया गया।
क्लीनिक का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच की सचिव शोभना मीणा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों को 60 दिवसीय मेगा ड्राइव के उद्देश्य तथा नालसा द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मेगा ड्राइव का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्तियों तक पहुंचकर उनकी पहचान करना, उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा विभिन्न शासकीय एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं पर चर्चा की गई। पात्र व्यक्तियों ने विभिन्न योजनाओं एवं विधिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। प्राप्त आवेदनों के आधार पर संबंधित विभागों से समन्वय कर पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार मेगा ड्राइव के तहत आगामी दिनों में पैरा लीगल वॉलंटियर्स द्वारा ग्राम बर्डिया में घर-घर सर्वे किया जाएगा। सर्वे के दौरान पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें नालसा की योजनाओं एवं उपलब्ध विधिक सहायता की जानकारी दी जाएगी। ग्राम पंचायत परिसर में स्थापित लीगल एड क्लीनिक ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर निःशुल्क विधिक सलाह, परामर्श एवं शासकीय योजनाओं से संबंधित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का माध्यम बनेगा।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार, पैरा लीगल वॉलंटियर्स कमला शंकर विश्वकर्मा, भारत राम पाटीदार, राकेश सिंह परिहार, हल्का पटवारी, ग्राम सचिव, सहायक सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।