नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देशन तथा जिला आबकारी अधिकारी बीएल दांगी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 2 सितंबर को आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मनासा वृत्त के ग्राम पिपलिया रुड़ी, बरड़िया, सुवासरा बुजुर्ग, भदाना, मझीरिया सहित अन्य स्थानों पर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 1220 किलोग्राम महुआ लाहन और 28 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की गई। मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) के तहत छह प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिए गए। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 1 लाख 29 हजार रुपए बताया गया है।
कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी बीएल सिंगाड़ा के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी उपनिरीक्षक पंकज राठौर, संजय कंवारे, दीपक आंजना एवं संजय राठौर, आबकारी मुख्य आरक्षक गोपाल शर्मा तथा आरक्षक विष्णु यादव, महेश गहलोत, विलास डगिया, बलवंत भाटी, हंसराज बिलवाल, निशा राजपूत एवं मधुमिता मालवीय शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।