कंजार्डा। ग्राम भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर कंजार्डा में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के नन्हे भैया-बहनों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा धारण कर सभी का मन मोह लिया।
जन्माष्टमी के अवसर पर कक्षा 5वीं से 8वीं तक के भैया-बहनों के लिए नारियल से मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रारंभ में भैया-बहनों ने मटकी फोड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर कक्षा के विद्यार्थियों ने समूह बनाकर प्रयास किया। सामूहिक प्रयास में भैया मटकी फोड़ने में सफल रहे।
वहीं नर्सरी से कक्षा 5वीं तक के भैया-बहनों के लिए मैदान में मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की आंखों पर पट्टी बांधकर मटकी फोड़ने का प्रयास कराया गया, जिसमें भैया ने सफलता हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के भक्तिमय गीतों पर भैया-बहनों के साथ दीदियों ने भी उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगी वेशभूषा और भक्तिमय प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
पूरे कार्यक्रम को लेकर भैया-बहनों में खासा उत्साह देखने को मिला। विभिन्न प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों को सफल बनाने में विद्यालय के आचार्य एवं दीदियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।