नीमच। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को नीमच की ब्रज नगरी ग्वालटोली भक्ति के रंग में रंगी नजर आई। श्री चंद्रवंशी ग्वाला गवली समाज की ओर से श्रद्धा और आस्था के साथ श्री राधाकृष्ण मंदिर से भव्य चल समारोह निकाला गया। राधा-कृष्ण, बालाजी, लड्डू गोपाल और सांवरिया सेठ की मनोहारी झांकियों के साथ घोड़े, बैंड-बाजे, लेझीम, डांडिया और ढोल-नगाड़ों ने पूरे क्षेत्र को कृष्णमय कर दिया।
चल समारोह में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर चल समारोह का स्वागत किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
चल समारोह में उमड़ा जनसैलाब ग्वालटोली की कृष्णभक्ति और धार्मिक उत्साह का जीवंत दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। आकर्षक झांकियों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे।
प्रतिभाओं का होगा सम्मान-
जन्माष्टमी महोत्सव के तहत दोपहर 3 बजे ग्वालटोली, नीमच सिटी, छावनी, कनावटी और बघाना क्षेत्र की शिक्षा एवं खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा। रात को भागवत कथा वाचक पं. चंद्रदेव वशिष्ठ भजनों की प्रस्तुति देंगे।
रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर की प्रसादी वितरित की जाएगी।