नीमच। जीरन थाना क्षेत्र के भंवरासा गांव में गुरुवार देर शाम घर में काम करते समय करंट लगने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे बेहोशी की हालत में नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घरेलू बिजली के तार या उपकरण के संपर्क में आने की आशंका-
भंवरासा निवासी भावना (15) पिता केशर सिंह सोंधिया राजपूत गुरुवार देर शाम घर में रोजमर्रा का काम कर रही थी। इसी दौरान वह अचानक घरेलू बिजली के तार या किसी उपकरण के संपर्क में आ गई। करंट लगने से वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई। हादसे के तुरंत बाद परिजन और आसपास के लोग भावना को लेकर नीमच जिला अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए परिजन-
किशोरी की मौत की सूचना मिलने पर जिला अस्पताल परिसर में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। गुरुवार देर रात वे शव को बिना पोस्टमार्टम कराए भंवरासा गांव ले गए।
गांव में गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार की तैयारी की गई। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में शोक का माहौल है।