नीमच। जीरन क्षेत्र के कुचड़ोद गांव में शुक्रवार को जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान अचानक पाइपलाइन तेज धमाके के साथ फट गई। पाइप फटने से तेज दबाव के साथ पानी और पत्थर उछले, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
पत्थर उछलकर मकानों की छतों और गलियों में खड़े वाहनों पर जा गिरे। तेज बहाव के कारण कई ग्रामीणों के घरों में पानी घुस गया। घटना के बाद ग्रामीणों में पाइपलाइन के निर्माण कार्य और संबंधित जिम्मेदारों को लेकर नाराजगी है।
ग्रामीण नरेश नायक ने बताया कि पाइपलाइन फटते ही उनके घर के बाहर खड़े वाहनों पर अचानक पत्थर गिरने लगे। कुछ ही देर में पानी घर में भर गया। उनकी माता लता बाई रसोई में खाना बना रही थीं, तभी बड़े पत्थर उनके पास आकर गिरे। गनीमत रही कि कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया।
घटना का असर पूर्व सरपंच शंभू सिंह के मकान पर भी हुआ। धमाके के साथ उछले पत्थरों से मकान की छत पर लगी चद्दरें टूट गईं। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि टेस्टिंग के दौरान ही पाइपलाइन में इस तरह की समस्या सामने आ रही है तो भविष्य में योजना के संचालन को लेकर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पाइपलाइन की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की जांच की मांग की है।