नीमच। वार्ड नंबर-34 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-92 में शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सीमा क्षोत्रिय और सहायिका अंजूलता मेघवाल के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
इस अवसर पर बच्चों को राधा-कान्हा की वेशभूषा में सजाया गया। नन्हे बच्चों ने पीले वस्त्र, मोरपंख मुकुट और बांसुरी धारण कर कान्हा का रूप धरा, वहीं बच्चियों ने राधा का रूप धारण किया। इसके साथ ही मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई।
बच्चों ने कृष्ण भजन, सामूहिक बालगीत और डांडिया रास की प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान माताओं को बच्चों के वजन की नियमित निगरानी, संतुलित पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता और टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी गई।
अंत में बच्चों और उपस्थितजनों को मिठाई, माखन-मिश्री एवं पौष्टिक प्रसाद वितरित किया गया।