सेगांव। नगर के श्री राम मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर (जूनी कचहरी) में शुक्रवार की रात श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया।
ठीक रात्रि 12 बजे जैसे ही भगवान श्रीकृष्ण का जन्म हुआ, पूरा मंदिर परिसर ‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा।
प्रसिद्ध भजन गायक विजय चतुर्वेदी ने एक से बढ़कर एक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘यशोमती मैया से बोले नंदलाला’ और ‘श्री कृष्ण गोविंद हरे मुरारी’ पर पूरा पंडाल झूम उठा।
आलौकिक श्रृंगार ने मोहा मन
पंडित भूपेंद्र माधव दुबे द्वारा भगवान का आलौकिक और आकर्षक श्रृंगार किया गया। लड्डू गोपाल को मोर मुकुट, पीतांबर और फूलों से सजाया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु अभिभूत हो गए।
मंदिर की साज-सज्जा नगर के प्रसिद्ध सांवरिया इवेंट द्वारा की गई थी। फूलों और लाइटों से किया गया आकर्षक डेकोरेशन हर किसी के आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और आसपास के ग्रामीणजन उपस्थित रहे और माखन मिश्री सहित 56 भोग प्रसादी ग्रहण की।