मंदसौर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गांधी चौराहे पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल की ओर से मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की 8 टीमों ने हिस्सा लिया। मटकी फोड़ने के लिए टीमों ने कई प्रयास किए, लेकिन देर रात तक कोई भी टीम हाथ से मटकी फोड़ने में सफल नहीं हो सकी।
विहिप के जिला मंत्री हेमंत बुलचंदानी ने बताया कि मटकी करीब 40 फीट की ऊंचाई पर बांधी गई थी। टीमों के लगातार प्रयास के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर इसकी ऊंचाई घटाकर करीब 30 फीट की गई। इसके बाद भी रात 12 बजे तक मटकी नहीं फूटी।
चौथी मंजिल तक बनाया मानव पिरामिड-
खिलचीपुरा की बजरंग व्यायामशाला और कल्याखेड़ी की टीम ने चौथी मंजिल तक मानव पिरामिड बनाकर मटकी फोड़ने का प्रयास किया। उनके प्रदर्शन ने दर्शकों में खासा रोमांच पैदा किया। बालागंज की टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान मटकी की ऊंचाई धीरे-धीरे कम की जाती रही, जिससे देर रात तक दर्शकों का उत्साह बना रहा।
हाथ से मटकी फोड़ने का था नियम-
प्रतियोगिता में मटकी को हाथ से फोड़ना अनिवार्य था। रात करीब 12.30 बजे एक टीम ने कड़े की मदद से मटकी फोड़ दी। नियम के विपरीत मटकी फोड़े जाने के कारण आयोजकों ने 33,600 रुपए की पुरस्कार राशि नहीं देने का निर्णय लिया।
देर रात तक जुटी रही भीड़-
प्रतियोगिता देखने के लिए गांधी चौराहे पर देर रात तक हजारों लोग मौजूद रहे। आयोजकों के अनुसार, करीब 10 हजार लोगों की भीड़ कार्यक्रम में शामिल हुई। पूरा गांधी चौराहा दर्शकों से खचाखच भरा रहा।
धर्मसभा के बाद हुई मटकी फोड़ प्रतियोगिता-
हेमंत बुलचंदानी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विहिप अपना स्थापना दिवस भी मनाता है। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। गांधी चौराहे पर धर्मसभा के बाद अखाड़ों के सदस्यों का स्वागत किया गया और इसके पश्चात मटकी फोड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस बार 8 टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।