नीमच। शहर में विकास के दावों के बीच वार्ड क्रमांक 14 की वृंदावन कॉलोनी में सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का संकट बना हुआ है। बारिश के बाद कॉलोनी का मुख्य मार्ग कीचड़ में तब्दील हो गया है, वहीं करीब 20 दिनों से पेयजल आपूर्ति बंद होने से रहवासियों को टैंकर और कैंपर से महंगे दामों पर पानी खरीदना पड़ रहा है।
बारिश के बाद सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। रहवासियों के अनुसार, कीचड़ और फिसलन के कारण बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग आए दिन परेशान हो रहे हैं। वाहन चालकों को भी मार्ग से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमा गंदगी और कीचड़ के कारण बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
पानी के लिए जेब ढीली करने को मजबूर-
सड़क की बदहाली के साथ पेयजल संकट ने भी रहवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। उनका कहना है कि करीब 20 दिनों से नलों में पानी नहीं आया है। ऐसे में उन्हें टैंकर और कैंपर के माध्यम से पानी खरीदकर काम चलाना पड़ रहा है। रहवासियों का कहना है कि एक ओर सड़क के लिए कीचड़ झेलना पड़ रहा है, तो दूसरी ओर पानी के लिए अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ रही है।
शिकायतों के बाद भी नहीं सुधरे हालात-
रहवासियों के अनुसार, वार्ड पार्षद किरण शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष और सीएमओ सहित संबंधित अधिकारियों तक कई बार शिकायत पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। लगातार अनदेखी से रहवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
रहवासियों का कहना है कि उनकी शिकायतें लगातार की जा रही हैं, लेकिन समाधान नहीं होने से उनकी आवाज अनसुनी रह गई है। उन्होंने नगर पालिका से जल्द सड़क की व्यवस्था सुधारने और पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
रहवासियों का सवाल है कि जब शहर में विकास कार्यों पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने के दावे किए जा रहे हैं, तो वृंदावन कॉलोनी के लोगों को सड़क और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए क्यों परेशान होना पड़ रहा है।