नीमच। शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को पालक महासंघ मध्यप्रदेश की जिला इकाई नीमच एवं महिला विंग की ओर से गुरुजनों के सम्मान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रसादम्, अन्नपूर्णा सेवा न्यास ट्रस्ट में हुए समारोह में कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाली शासकीय शालाओं के 11 प्राचार्यों को सम्मानित किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का ज्ञान नहीं देता, बल्कि उनके व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य की नींव भी तैयार करता है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद विद्यार्थियों को बेहतर परिणाम के लिए तैयार करने वाले शिक्षकों का सम्मान समाज के लिए प्रेरणादायी है।
पालक महासंघ के प्रदेश उपाध्यक्ष जगदीश शर्मा ने कहा कि महासंघ की ओर से पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी शिक्षक दिवस पर उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन शिक्षकों का मनोबल बढ़ाने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं।
शिक्षकों का सम्मान प्रेरणादायी-
सेवानिवृत्त प्राचार्य किशोर सिंह जैन ने कहा कि उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले प्राचार्यों का सम्मान निश्चित रूप से शिक्षकों का उत्साह बढ़ाएगा। साथ ही अन्य शिक्षण संस्थानों को भी बेहतर परिणाम और शैक्षणिक कार्यों के लिए प्रेरणा मिलेगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार रहे। अध्यक्षता पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष एवं अन्नपूर्णा सेवा न्यास ट्रस्ट के संरक्षक राकेश (पप्पू) जैन ने की। समारोह में शिक्षक, पालक महासंघ के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।