नीमच। शहर के श्री परशुराम महादेव मंदिर में महेश सत्संग महिला मंडल की ओर से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति के साथ मनाया गया। आयोजन में महिलाओं ने राधा-कृष्ण, नंद बाबा, यशोदा मैया, गोपियों और ग्वाल-बालों के स्वरूप धारण कर मंदिर परिसर को ब्रजधाम जैसा सजा दिया।
कार्यक्रम में राजेश शर्मा एंड पार्टी की ओर से भक्ति प्रस्तुतियां दी गईं। कथावाचक पंडित राजेश शर्मा ने धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को कृष्ण भक्ति से जोड़ा, वहीं गायक कलाकार हरदेव सालवी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के दौरान महिला श्रद्धालु कृष्ण भक्ति में झूमती और नृत्य करती नजर आईं।
स्वरूपों ने जीवंत की ब्रज संस्कृति-
आयोजन के दौरान श्रीकृष्ण जन्म की बधाइयों के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने राधा-कृष्ण सहित ब्रज के विभिन्न पात्रों के स्वरूप धारण किए। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप और ब्रज की समृद्ध भक्ति संस्कृति की मनोहारी झलक देखने को मिली। महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। कृष्ण जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों और भजनों का आनंद लिया तथा भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
पंजीरी और केले का प्रसाद बांटा-
कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रद्धालुओं को पंजीरी और केले का प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। भक्ति, भजनों और राधा-कृष्ण के मनोहारी स्वरूपों ने श्री परशुराम महादेव मंदिर को मानो ब्रजधाम में तब्दील कर दिया।