मंदसौर। शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब मंदसौर स्टार की ओर से श्रीनाथ इंटरनेशनल स्कूल, राजाखेड़ी में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के 46 शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान करते हुए उन्हें उपरना पहनाया गया तथा टीचर्स-डे सर्टिफिकेट, पेन और डायरी भेंट की गई।
कार्यक्रम में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3233 E2 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एमजेएफ लायन डॉ. निशांत जैन ने शिक्षकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ उनके भविष्य को दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
तिलक लगाकर किया अतिथियों का स्वागत-
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. निशांत जैन सहित अन्य अतिथियों का तिलक लगाकर स्वागत करने के साथ हुई। इसके बाद स्कूल की प्रिंसिपल तेजस्विनी पाटीदार और लायंस क्लब मंदसौर स्टार के सदस्यों के बीच बैठक हुई। दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के बाद विद्यालय एवं क्लब की ओर से अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर तथा उपरना पहनाकर स्वागत किया गया।
क्लब अध्यक्ष लायन अंजली शाह ने क्लब की ओर से किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी दी। प्रिंसिपल तेजस्विनी पाटीदार ने स्वागत भाषण देते हुए सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।
शिक्षक की डांट में भी छिपी होती है चिंता-
रीजन चेयरपर्सन लायन रमेश मुंदड़ा और जोन चेयरपर्सन लायन मनीष चौधरी ने विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षक की भूमिका और उनके मार्गदर्शन के महत्व पर विचार रखे।
डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. निशांत जैन ने कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को ज्ञानवर्धक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में प्रत्येक व्यक्ति का अपना महत्व होता है और शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन के महत्वपूर्ण मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक की डांट के पीछे भी विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य और सफलता की चिंता छिपी होती है।
शिक्षकों की बीपी-शुगर जांच-
शिक्षक दिवस के अवसर पर क्लब सदस्य लायन हिमशिखा पिपलानी के सहयोग से शिक्षकों के लिए बीपी एवं शुगर जांच शिविर भी लगाया गया। इसमें लायन सीमा अरोरा ने सेवाएं दीं।
वहीं, प्रांत की ओर से निर्धारित उपहार नहीं लेने की पहल के तहत क्लब ने एलसीआईएफ में समर्पित करने के लिए 2 हजार रुपए की राशि का लिफाफा डिस्ट्रिक्ट गवर्नर को भेंट किया।
लियो क्लब सदस्यों ने भी की सहभागिता-
कार्यक्रम में लियो क्लब मंदसौर सुपरस्टार्स के अध्यक्ष लियो सार्थक जैन, कोषाध्यक्ष लियो मिहिका मिंडा सहित अन्य लियो क्लब सदस्यों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन का विशेष सहयोग रहा।
आयोजन के अंत में लायन कविता मिंडा ने श्रीनाथ इंटरनेशनल स्कूल प्रबंधन एवं कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।