नीमच। श्री एस.आर. ग्रुप ऑफ कॉलेज, नीमच परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी का पर्व भक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की मनमोहक प्रस्तुति से हुई। विद्यार्थियों ने नंदबाबा और कान्हा की भूमिका निभाकर सभी का मन मोह लिया। इसके बाद नृत्य, संगीत एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर कृष्णमय हो गया।
महाआरती और छप्पन भोग-
जन्माष्टमी के अवसर पर श्रद्धा एवं भक्ति के साथ महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया। गरबा आयोजन में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र-
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। इसमें छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। टीम भावना और उत्साह के साथ विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया और आयोजन का आनंद उठाया।
डायरेक्टर ने विद्यार्थियों की सराहना की-
समापन अवसर पर महाविद्यालय के डायरेक्टर धर्मेश तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनकी सक्रिय सहभागिता, अनुशासन एवं रचनात्मकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों में विद्यार्थियों की भागीदारी से उनमें नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है।
उन्होंने सभी विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह भक्ति, संस्कृति, उत्साह और आपसी सद्भाव का सुंदर संगम रहा। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।