नीमच। लोक देवता वीर शिरोमणि श्री गोगाजी महाराज की गोगा नवमी के अवसर पर वाल्मीकि समाज की ओर से शनिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ भव्य चल समारोह निकाला गया। नीमच सिटी, बघाना और छावनी क्षेत्र से निकले 12 निशान फव्वारा चौक स्थित महर्षि वाल्मीकि सर्कल पर एकत्रित हुए। यहां से सभी निशानों के साथ संयुक्त चल समारोह प्रारंभ हुआ।
डीजे, बैंड-बाजों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच निकले चल समारोह में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए। अखाड़ों के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब प्रस्तुत कर लोगों को रोमांचित किया। वहीं, घोड़े पर सवार गोगाजी महाराज की झांकी के साथ भगवान नृसिंह और शिव-पार्वती की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। धार्मिक भजनों और गोगाजी महाराज के जयघोष से शहर का वातावरण भक्तिमय हो गया।
फव्वारा चौक से शुरू हुआ चल समारोह बारादरी, नया बाजार, घंटाघर, सराफा बाजार और कुम्हारा गली होते हुए स्कीम नंबर-9 स्थित गोगामेड़ी पहुंचा। यहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद चल समारोह का समापन हुआ।
गोगा गायन दल के उस्ताद मुकेश चौहान ने बताया कि भादों नवमी को गोगाजी महाराज के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। वहीं, निशान स्थापना की परंपरा श्रावण मास से जुड़ी हुई है। इसी परंपरा के तहत प्रतिवर्ष गोगा नवमी पर श्रद्धा और उत्साह के साथ चल समारोह निकाला जाता है।