नीमच। शिक्षक दिवस के अवसर पर इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड ने शहर की चकाचौंध से दूर ग्रामीण क्षेत्रों की पाठशालाओं में समर्पण के साथ विद्यार्थियों का भविष्य संवार रहे शिक्षकों को सम्मान का मंच दिया। क्लब की ओर से ग्रामीण स्कूलों में उत्कृष्ट एवं समर्पित कार्य करने वाले 25 शिक्षकों को प्रशंसा पत्र और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।
समारोह की अध्यक्षता सीताराम जाजू गर्ल्स कॉलेज की प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने की। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष पायल गुर्जर, सचिव दिव्या जैन और कोषाध्यक्ष प्रियंका नागदा मंचासीन रहीं। संचालन पूजा गर्ग ने किया।
क्लब अध्यक्ष पायल गुर्जर ने बताया कि शिक्षकों के कार्य एवं प्रतिभा को देखते हुए विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे शिक्षकों का चयन किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ जीवन की सही दिशा भी प्रदान करता है। ऐसे में शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना समाज की जिम्मेदारी है।
डॉ. प्रतिभा कालानी ने क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों का प्रोत्साहन विद्यार्थियों के साथ विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर को भी नई ऊंचाई प्रदान कर सकता है।
प्रियंका नागदा ने कहा कि समारोह में शिक्षकों को सम्मान के साथ पौधा भेंट करने के पीछे भी विशेष संदेश है। गुरु विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान का बीज बोता है, जबकि पौधा भविष्य की हरियाली और नई उम्मीद का प्रतीक है।