बड़वानी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार, 4 सितंबर को बड़वानी में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। शहर के श्री साँवरिया सेठ मंदिर, सेगांव बायपास और श्री गोपाल कृष्ण मंदिर, नर्मदा गौशाला में दिनभर धार्मिक आयोजनों का दौर चला। मंदिरों में आकर्षक सजावट, विशेष श्रृंगार और मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी और गरबा बना आकर्षण
श्री साँवरिया सेठ मंदिर में शाम से ही अभिषेक, हवन-पूजन और भजन संध्या का आयोजन हुआ। इस दौरान अमीषा सोनी राधा के रूप में और अर्चना काग कृष्ण के रूप में सजीं। दोनों की आकर्षक वेशभूषा और श्रृंगार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मंदिर परिसर में श्री द्वारकाधीश का विशेष भव्य पंडाल भी सजाया गया था। भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने गरबा कर जन्माष्टमी का उत्साह मनाया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिर परिसर कान्हा के जयकारों से गूंज उठा। भगवान की मनमोहक झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
नर्मदा गौशाला में भी देर रात तक भक्तिमय माहौल
श्री गोपाल कृष्ण मंदिर, नर्मदा गौशाला में भी जन्माष्टमी पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए। सुबह अभिषेक, आरती एवं प्रसादी के बाद भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। शाम की आरती के बाद भजन संध्या हुई। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, आरती एवं प्रसादी का आयोजन किया गया।
जन्मोत्सव के दौरान मंदिर परिसर भजन, जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और प्रसादी ग्रहण की। पूरे आयोजन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिक, गौभक्त एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
5 सितंबर को श्रीनंद उत्सव
साँवरिया सेठ मंदिर में शनिवार, 5 सितंबर को श्रीनंद उत्सव मनाया जाएगा। रात 8 बजे छप्पन भोग, 8ः30 बजे विशेष श्रृंगार और रात 9 बजे भगवान की पालकी निकाली जाएगी। इस दौरान बाल-गोपाल, नंद-यशोदा और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण रहेंगी।