नीमच। शहर के बगीचा नंबर-4 निवासी 12 वर्षीय अलवीरा खान पिता अफजल खान ने आगरा में आयोजित जुड़ो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल कर नीमच जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद नीमच लौटने पर अलवीरा खान के सम्मान में नीमच जिला वक्फ कमेटी एवं जामा मस्जिद वक्फ कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में वक्फ बोर्ड कमेटी कार्यालय में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में नीमच से गहरा संबंध रखने वाले इंदौर निवासी भारतीय क्रिकेटर एवं आईपीएल खिलाड़ी आवेश खान पिता आशिक खान भी विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान भारतीय क्रिकेटर आवेश खान ने प्रतिभावान खिलाड़ी अलवीरा खान को प्रशंसा पत्र एवं शील्ड भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपस्थितजनों ने अलवीरा की उपलब्धि की सराहना की और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कम उम्र में खेल के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन कर मेडल हासिल करने पर समाजजनों ने भी हर्ष व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला वक्फ कमेटी अध्यक्ष फिरोज पठान, सचिव सादिक हुसैन, वक्फ जामा मस्जिद के काजी-ए-शहर सद्दाम हुसैन अत्तारी, सदर अशफाक मुल्तानी, इकबाल भाई सेक्रेटरी, अनवर भाई सेक्रेटरी, समाजसेवी मोहम्मद शकील कुरैशी, शाहबाज शेख, वसीम काजी सरकार, सादिक खान सहित अन्य समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने अलवीरा खान एवं भारतीय क्रिकेटर आवेश खान का स्वागत किया।